मदर्स डे पर मणिपाल हॉस्पिटल में हिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । मदर्स डे के उपलक्ष्य में मणिपाल हॉस्पिटल एवं संस्कृति सोशल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “माँ के मन की बात” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। मणिपाल हॉस्पिटल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. आरती महला तथा रेडिएशन ऑनकोलॉजिस्ट डॉ. अभिलाषा मान ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश महिलाएं परिवार और घर की जिम्मेदारियों में इतनी व्यस्त हो जाती हैं कि अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करने लगती हैं, जिसका असर भविष्य में गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आ सकता है।
विशेषज्ञों ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, संतुलित आहार लेने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ माँ ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है, इसलिए महिलाओं को अपनी दिनचर्या में स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी समय निकालना चाहिए।
इस अवसर पर मणिपाल हॉस्पिटल के डायरेक्टर रंजन ठाकुर ने कहा कि माँ परिवार की रीढ़ होती है और उनका स्वस्थ रहना पूरे परिवार की खुशहाली के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को बेहतर जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने विशेषज्ञों से संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

You might also like