राष्ट्रीय लोक अदालत में 82 लाख से अधिक राशि के अवार्ड पारित

निसं
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । तालुका विधिक सेवा समिति दांतारामगढ़ की ओर से शनिवार को वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर की अध्यक्ष रूपा गुप्ता के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए तालुका मुख्यालय स्थित न्यायालयों हेतु एक बैंच का गठन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मनीष कुमार सिन्हा ने की। बैंच में सदस्य के रूप में पैनल अधिवक्ता रतन लाल जाट शामिल रहे।
लोक अदालत में एडीजे कोर्ट दांतारामगढ़ के 22 तथा एसीजेएम कोर्ट दांतारामगढ़ के 54 लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं लोक अदालत की भावना के अनुरूप निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 35 लाख 18 हजार 300 रुपये के अवार्ड पारित किए गए।
इसके अतिरिक्त 41 बैंक एवं बीएसएनएल से संबंधित प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया, जिनमें 47 लाख 47 हजार 11 रुपये के अवार्ड पारित हुए। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 82 लाख 65 हजार 311 रुपये के अवार्ड पारित किए गए।

You might also like