कान्स फिल्म फेस्टिवल में रुचि गुज्जर ने उठाई घूंघट प्रथा के खिलाफ आवाज

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । फ्रांस में 12 से 23 मई तक आयोजित हो रहे 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में खेतड़ी उपखंड के मेहाड़ा गांव की बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री Ruchi Gujjar ने भाग लेकर क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। रुचि गुज्जर ने इस बार कान्स के प्रतिष्ठित रेड कार्पेट को केवल फैशन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि महिलाओं की आज़ादी, पहचान और सामाजिक बदलाव की मजबूत आवाज भी बनाया। 18 मई को कान्स फिल्म फेस्टिवल में रुचि गुज्जर राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति से प्रेरित गुलाबी घूंघट-लुक में नजर आईं। उनका यह विशेष लुक एक ओर राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, हस्तकला और परंपराओं का प्रतीक बना, वहीं दूसरी ओर सदियों पुरानी जबरन घूंघट प्रथा के खिलाफ एक साहसी और प्रतीकात्मक संदेश भी देता दिखाई दिया। कान्स में उनकी मौजूदगी सोशल मीडिया, फैशन जगत और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में चर्चा का विषय बन गई। कई लोगों ने इसे हाल के वर्षों में भारत की सबसे निडर और सामाजिक संदेश देने वाली प्रस्तुतियों में शामिल बताया।
रुचि गुज्जर ने कान्स में कहा, “मैंने घूंघट चुप रहने के लिए नहीं पहना, मैंने इसे विरोध के रूप में पहना है। महिला का सम्मान उसकी बराबरी, आत्मविश्वास और आज़ादी से होना चाहिए, उसकी पहचान छिपाने से नहीं। अगर मेरी यह वॉक किसी एक महिला के लिए भी बातचीत की शुरुआत बनती है, तो यह फैशन से कहीं बड़ा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा उनके लिए बेहद व्यक्तिगत है, क्योंकि उन्होंने अपने आसपास ऐसी कई महिलाओं की जिंदगी देखी है जो सामाजिक दबाव में घूंघट के पीछे रहने को मजबूर हैं। रुचि ने कहा कि संस्कृति महिलाओं को शक्ति देनी चाहिए, उनकी पहचान नहीं छीननी चाहिए। परंपराओं को समय के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।
गांव की बेटी ने विश्व मंच से दिया सामाजिक संदेश
खेतड़ी उपखंड के छोटे से गांव मेहाड़ा से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची रुचि गुज्जर की इस पहल की तुलना उन वैश्विक सितारों से भी की जा रही है, जिन्होंने बड़े मंचों का उपयोग सामाजिक मुद्दों को उठाने के लिए किया। रुचि गुज्जर ने सरकार और समाज से अपील करते हुए कहा कि गांवों और छोटे शहरों में महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और स्वतंत्रता को लेकर अधिक जागरूकता फैलाने की जरूरत है। साथ ही परंपरा और मजबूरी के बीच का फर्क समझना भी बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी रुचि गुज्जर कान्स फिल्म फेस्टिवल में प्रधानमंत्री Narendra Modi की तस्वीर वाला विशेष नेकलेस पहनकर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में रही थीं, लेकिन इस बार उनका संदेश सामाजिक सरोकारों से जुड़ा और ज्यादा प्रभावशाली माना जा रहा है।

You might also like