सोशल मीडिया की पहल पर एकत्रित राशि 5 लाख 32 हजार 501 रुपये मृतक परिवार को सुपुर्द
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । ग्राम पंचायत गढ़टकनेत के रहने वाले महेश कुम्हार (40) की 30 अप्रेल को हार्ट अटेक से मौत हो गई थी। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले महेश के निधन के बाद उसकी पत्नी सावित्री देवी, बुजुर्ग माता और चार संतानों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया। सोशल मीडिया के सदुपयोग की मिसाल पेश करते हुए ग्रुप गढ़टकनेत के माध्यम से गांव के युवाओं ने बड़े-बुजुर्गों के कुशल निर्देशन में एक गरीब और जरुरतमंद परिवार की मदद का बीड़ा उठाने की अनोखी पहल की और मंगलवार 19 मई को 01 से 19 मई तक 5 लाख 32 हजार 501रुपये की प्राप्त राशि मृतक की पत्नी और बुजुर्ग माता को गणमान्य लोगों एवं मातृशक्ति की उपस्थिति में सौंपी गई। मृतक महेश कुम्हार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके निधन के बाद पत्नी सावित्री देवी पर बेटे गौतम (12), बेटियों प्रिया (10), परी (8) और गुंजन (5) और बुजुर्ग सास की जिम्मेदारी आ गई। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।ऐसे में समाज के लोगों ने यथाशक्ति सहयोग कर परिवार को संबल प्रदान करने का भरसक प्रयास किया जो एक अनोखी नज़ीर बन गया। ग्रुप एडमिन गिरधारी लाल नटवाड़िया ने बताया कि यह सहयोग राशि मृतक महेश कुम्हार की धर्मपत्नी सावित्री देवी के खाते में, विनोद कुमार कुम्हार, मनोज कुमार, सुभाष सैनी , गिरधारीलाल नटवाड़िया और रेखा देवी सैन के फोन-पे पर प्राप्त हुई थी। इस दौरान उपस्थित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने दुःख की इस घड़ी में हर सम्भव सहयोग का भरोसा दिलाया। क्षेत्र के लोगों ने इस मानवीय पहलू की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया।