पानी संकट पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । स्थानीय हदीरा पोल, सेवग चौक एवं चार खंभा क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। हालात इतने गंभीर हो गए कि हदीरा मस्जिद में बना पानी का होद भी पूरी तरह खाली हो गया। जबकि वार्ड के घरों में पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है। लगातार बनी इस समस्या से परेशान महिलाओं का मंगलवार को धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित महिलाओं ने चार खंभा तिराहे पर एकत्रित होकर रास्ता रोक कर मटका फोड़ प्रदर्शन करते हुए जलदाय विभाग एवं प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन कारी महिलाओं का कहना था कि विभाग के जिम्मेदारों को कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासी मजबूरी में दूर-दराज इलाकों से पानी लाने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने लोगों की परेशानी और बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
दो घंटे बाद जागे विभाग के जिम्मेदार:
मंगलवार को पानी सप्लाई की नियमित मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़कों पर बैठे रहे। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई मगर करीब दो घंटे तक वार्डवासी धूप में परेशान होकर अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन करते रहे मगर विभाग के जिम्मेदार अधिकारी दो घंटे बाद जाकर मौके पर पहुंचे। ईधर थानाधिकारी शिंभु दयाल मीणा, चौकी प्रभारी गजेन्द्र सिंह, एएसआई नवाब खान ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं से समझाईश कर आश्वासन के बाद मामला शांत करवाया।

You might also like