उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । स्थानीय तहसील कार्यालय में मंगलवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जनगणना कार्य में उत्कृष्ट और अनुकरणीय योगदान देने वाले अधिकारियों व प्रगणकों को सम्मानित किया गया। उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा और तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी गिरधारी लाल पारीक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान बताया गया कि सुपरवाइजर धर्म सिंह मीणा ने जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के तहत अपने आवंटित एचएलबी क्षेत्र के परिवारों को स्व-जनगणना के प्रति न केवल जागरूक किया, बल्कि उन्हें प्रेरित कर समय सीमा से पूर्व ही शत-प्रतिशत स्व-जनगणना का कार्य पूरा करवाया। उनकी इस निष्ठा और कर्मठता को सभी अधिकारियों ने सराहा। बेहतर तालमेल और त्वरित कार्य के लिए प्रशासन द्वारा अग्रिम स्थान प्राप्त करने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजर को नकद राशि व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इस दौरान सुपरवाइजर धर्म सिंह मीणा को 5,100 का नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र, प्रथम स्थान प्रगणक दयाराम 3100 का नकद इनाम, द्वितीय स्थान प्रगणक संदीप 2100 का नकद इनाम, तृतीय स्थान प्रगणक लालचंद मेघवाल 1100 का नकद इनाम दिया गया। कार्यक्रम में घनश्याम खिलेरी, विकास कुमार, लिखमाराम मेघवाल, मोहित कुमार सैनी, रूघाराम, सांवरमल प्रजापत, समय सिंह मीणा, विश्राम मीणा, मुकेश पांडर, सहित कुल 39 प्रगणकों को भी उनके सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

You might also like