देशव्यापी केमिस्ट हड़ताल का असर, दवा प्रतिष्ठान रहे बंद
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । देशभर में अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी सांकेतिक हड़ताल का आयोजन किया गया। इस हड़ताल को राजस्थान राज्य केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त रहा।
राजलदेसर केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखकर आंदोलन में भागीदारी निभाई तथा एकजुटता का परिचय दिया। तहसीलदार हरदीप सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ऑनलाइन दवा बिक्री से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की गई।केमिस्ट संगठनों ने आरोप लगाया कि विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक कॉमर्स कंपनियों द्वारा बिना उचित चिकित्सकीय सत्यापन के दवाओं की बिक्री और होम डिलीवरी की जा रही है, जो जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसके साथ ही ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट (डीप डिस्काउंटिंग) से छोटे एवं लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर संचालकों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में केंद्र सरकार से GSR 817(E) एवं GSR 220(E) को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग भी की गई। संगठनों का कहना है कि इन प्रावधानों का दुरुपयोग कर ऑनलाइन कंपनियां दवाओं की अनियंत्रित सप्लाई को बढ़ावा दे रही हैं।केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने स्पष्ट कहा कि दवाएं कोई सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं। बिना चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित सत्यापन के दवाओं की बिक्री से आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। इस अवसर पर राजलदेसर केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष मनफूल टांडी सचिव राकेश कुमार शर्मा कोषाध्यक्ष लोकेश कुमार सांखला , इमरान , मदन दाधीच,अनिल दाधीच आसिफ छीपा , सुरेश कुमार सांखला गजानंद सैनी , करूण पारीक शेखर सोनी संजय स्वामी विष्णु प्रजापत धीरज प्रजापत महेंद्र शर्मा सवाई सिंह जेपी शर्मा धनजीत , पीके मालाकार आदि मौजूद रहे।