पुलिस गश्ती दल से मारपीट: पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिसकर्मियों से की हाथापाई

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। ब्रह्मपुरी थाना इलाके में रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला सामने आया है। गोविंद नगर वेस्ट में देर रात गली के बाहर बैठे युवकों को टोकना पुलिस दल को भारी पड़ गया। नाराज युवकों और उनके परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर थप्पड़-मुक्कों से हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाधिकारी हेमंत जनागल ने बताया कि घटना 16 और 17 मई की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। हेड कांस्टेबल सुशीन लाल, राम मनोहर और होमगार्ड जवान गगन सिंह पुलिस जीप से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गोविंद नगर वेस्ट की एक गली में तीन युवक बाहर बैठे दिखाई दिए।

पुलिसकर्मियों द्वारा पूछताछ करने पर एक युवक वहां से चला गया, जबकि दो युवक पुलिस दल से बहस करने लगे। समझाइश कर घर जाने के लिए कहने पर दोनों युवक अड़ गए और शोर मचाकर अपने परिवार के लोगों को भी बाहर बुला लिया।

इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिस दल पर थप्पड़-मुक्कों से हमला किया गया। मारपीट के दौरान होमगार्ड जवान गगन सिंह की सोने की चेन भी टूटकर गिर गई।

घटना की सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा और आरोपी जगजीत, उसकी पत्नी निशा, बेटे तथा चचेरे भाई रिची तलवार को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने और पुलिसकर्मियों से मारपीट करने का मामला दर्ज किया है।

You might also like