राष्ट्रीय खेल रत्न सम्मान से सम्मानित हुए डांसरोली के सुरेश बाकोलिया
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । दांतारामगढ़ क्षेत्र के डांसरोली गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुरेश बाकोलिया को राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय खेल रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देशभर में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है। सुरेश बाकोलिया को यह सम्मान लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
सुरेश बाकोलिया देश के उभरते हुए पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने हाल ही में बहरीन में आयोजित पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया। खास बात यह है कि इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेने वाले वे सीकर जिले के पहले तथा राजस्थान के दूसरे खिलाड़ी बने हैं।
इसके अलावा मार्च माह में हैदराबाद में आयोजित नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में भी सुरेश बाकोलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।