ट्रस्ट की नीतियों के विरोध में जन सेवा समिति की बैठक

निसं

खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी में ट्रस्ट की नीतियों के विरोध को लेकर वराही देवी मंदिर में जन सेवा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समिति सदस्यों ने भाग लेकर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट की नीतियां आमजन और क्षेत्र के हितों के खिलाफ हैं, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। जनसेवा समिति की ओर से पिछले दो माह से उपखंड कार्यालय के सामने धरना दिया जा रहा है, इसके बावजूद भी प्रशासन की ओर से मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भोपालगढ़ किले के मुख्य द्वार पर गेट हटाने का आश्वासन दिया जाता है, जबकि ट्रस्ट की ओर से गेट बंद रखने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक के दौरान समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन पर भी ट्रस्ट के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बार-बार ज्ञापन और शिकायत देने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

जन सेवा समिति के सदस्यों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक जनता के हित में फैसला नहीं लिया जाता और उनकी मांगों को नहीं माना जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति ने आगे बड़े स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाने की भी बात कही।

बैठक में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया तथा प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर गोकुलचंद सैनी, फूलचंद सैनी, श्याम सिंह चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष नवल किशोर पारीक, गजेंद्र पारीक, रमेश तिवारी, निकेश पारीक, सीताराम कुमावत, शंकर लाल सेन, भूपेंद्र सोडा, अरविंद सिंह निर्वाण, मन्नालाल सैनी, सुरेश चंद्र पारीक, लक्ष्मण सोडा, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, अरुण पारीक सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like