भारतीय सेना में चयनित केकेसी के विद्यार्थियों का हुआ सम्मान समारोह

गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । केकेसी पीजी महाविद्यालय की एनसीसी यूनिट के 12 कैडेट्स का भारतीय सेना में चयन होने के उपलक्ष्य में महाविद्यालय प्रांगण में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कमान अधिकारी प्रदीप दहिया, 2 राज बटालियन एनसीसी चूरू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सूबेदार मोंटू कुमार एवं हवलदार कैलाश जी की विशेष उपस्थिति रही। संस्था निदेशक डॉ. किशोर सिंह राठौड़, लेफ्टिनेंट वीरेंद्र सिंह राठौड़ एवं महाविद्यालय स्टाफ ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. किशोर सिंह राठौड़ ने कहा कि केकेसी महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं संस्कारों के लिए प्रेरित करता रहा है। भारतीय सेना में चयनित ये विद्यार्थी महाविद्यालय ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प एवं अनुशासन के बल पर विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
मुख्य अतिथि एवं संस्था द्वारा भारतीय सेना में चयनित दिनेश भाम्भू (नोहर), श्यामसुंदर बिस्सू (लाछड़सर), सूर्यप्रकाश शर्मा (सरदारशहर), अशोक गोदारा (राजलवाड़ा), विकास नाई (बुचावास), शेर सिंह राठौड़ (देगा), मनीष दान चारण (सरदारशहर), सुमेर सिंह शेखावत (खंडवा), सुनील कुड़ी (अडमालसर), नरेश कुमार (नोखा) एवं आजाद सिंह राठौड़ (आसूसर) का माल्यार्पण एवं उपहार देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सीओ कर्नल प्रदीप दहिया ने सभी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना केवल एक नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं देशभक्ति की भावना विकसित करती है। उन्होंने चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने कार्य एवं आचरण से क्षेत्र एवं महाविद्यालय का नाम रोशन करें।
लेफ्टिनेंट विरेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी जगदीश ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त सहायक आचार्य तथा स्टाफ उपस्थित रहे।

You might also like