वेतन विवाद के बाद रेस्टोरेंट कर्मचारी की संदिग्ध मौत
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने रेस्टोरेंट मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। वहीं पुलिस मामले को आत्महत्या के लिए उकसाने से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 स्थित ‘टू पल रेस्टोरेंट’ का है। मृतक की पहचान प्रेम सिंह (20) निवासी नांगल शेरपुर बालाघाट जिला करौली के रूप में हुई है। जो जयपुर में रेस्टोरेंट में खाना बनाने का काम करता था। उसके पिता बाबूलाल योगी और मां पुष्पा हैं।
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:36 बजे प्रेम सिंह ने फोन कर बताया था कि रेस्टोरेंट मालिक जितेंद्र सिंह ने उसके साथ मारपीट की है और करीब 20 हजार रुपए वेतन भी नहीं दे रहा है। परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। बाद में रेस्टोरेंट मालिक ने वेतन देने का आश्वासन देकर उसे वापस बुला लिया। बुधवार की शाम को पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि प्रेम सिंह ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। इसके बाद शव को आरयूएचएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार प्रताप नगर थाने पहुंच गए और देर रात तक धरना-प्रदर्शन किया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रेम सिंह की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक शव नहीं लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में वेतन विवाद को लेकर कहासुनी और तनाव की बात सामने आई है। फिलहाल आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। घटना के बाद रेस्टोरेंट कर्मचारियों की सुरक्षा, वेतन विवाद और कार्यस्थल पर व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह हाल ही में रोजगार के लिए जयपुर आया था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था।