बाजार में जलभराव से आमजन परेशान, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के गांव बसई में बारिश के बाद वार्ड नंबर एक व दो सहित मुख्य बाजार में जलभराव से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण मुख्य मार्ग से लेकर बाजार की गलियों तक गंदा पानी व कीचड़ भर गया है। नालियों की उचित सफाई व जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। इससे आमजन को पैदल चलने और वाहनों की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बदबूदार गंदा पानी दुकानों के भीतर तक पहुंच गया है, जिससे व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं गंदगी फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने कहा गया कि बारिश के दौरान हर बार यही स्थिति बनती है और प्रशासन को कई बार अवगत करवाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करवाने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रभावित ग्रामीण और व्यापारी उपखंड कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर सुभाष सिंह, पंकज कुमार, लक्की, श्यामसुंदर, विकास भार्गव, जगमोहन, रमेश, सज्जन सिंह, सुमन, कांता, सुशीला, अनिता सहित अनेक लोग मौजूद थे ।