संडे ऑन साइकिल अभियान, पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस अधीक्षक डॉ प्यारेलाल शिवरान के निर्देशानुसार रविवार को लाडनूं में “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व थाना प्रभारी शंभू दयाल मीणा ने किया।
साईकिल रैली बस स्टैंड से शुरू होकर गौरव पथ सहित विभिन्न मार्गों से होकर निकाली गई। इस दौरान पुलिस जवानों ने साइकिल चलाकर आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, ईंधन की बचत करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सीआई शंभू दयाल मीणा ने बताया कि नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि प्रदूषण में कमी आने के साथ ईंधन की भी बचत होती है। “संडे ऑन साइकिल” अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना और फिटनेस के लिए प्रेरित करना है। रैली में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं आरएसी जवान मौजूद रहे।