तूफानी बारिश ने खोली भ्रष्टाचार की पोल

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । क्षेत्र में हुई तेज तूफानी बारिश ने निर्माण एजेंसियों के कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां सेल्फी प्वाइंट पर नगरपालिका द्वारा लाखों रुपये की लागत से फरवरी माह में बनाया स्वागत द्वार तेज हवाओं से उखड़कर सड़क पर औंधे मुंह गिर पड़ा।
गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था। अगर स्वागत द्वार हाईवे से गुजर रहे किसी वाहन पर गिर जाता तो जानलेवा हादसा होने की संभावना बनी हुई थी। मात्र चार माह पहले बने इस स्वागत गेट के धराशायी होने से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। इसके अलावा शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में खड़े बिजली के पोल भी धराशायी हो गए। यहां लादू बाबा बगीची के सामने रिडकोर का संकेतक बोर्ड भी उखड़कर गिर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पोल की नींव कमजोर होने के कारण वे तेज हवाओं और बारिश का दबाव नहीं झेल पाए। नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

You might also like