राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, महंगाई और नीट पेपर लीक पर जताया रोष

श्रवण नेचु
नवलगढ़ (नवयत्न)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवलगढ़ एवं मुकुंदगढ़ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देश में बढ़ती महंगाई तथा नीट परीक्षा पेपर लीक जैसी अनियमितताओं के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपखंड अधिकारी के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश की परीक्षा प्रणाली में लगातार गड़बडिय़ां सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही ज्ञापन में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों को लेकर भी चिंता जताई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन और किसान परिवार आर्थिक दबाव में हैं, ऐसे में सरकार को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग रखी। ज्ञापन में कहा गया कि युवाओं के भविष्य और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सरकार को तत्काल प्रभाव से कदम उठाने चाहिए। इस दौरान नवलगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलदेव सैनी, मुकुन्दगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेश मेघवाल, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष कैलाश चोटिया, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष शहजाद चोपदार, पार्षद अदनान खत्री, पार्षद आरिफ  चौहान, सुरेन्द सैनी कलवानिया, सुरेन्द्र सैनी चिराना, पूर्व पार्षद रफीक लंगा, ओमी पंडित, योगेश सैनी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like