इंटरनेट बंदी से थमा जनजीवन: कारोबार पर पड़ा असर

ऑटो चालक,राइडर व दुकानदार परेशान

 

 

डी के सैनी 

जयपुर (नवयत्न) । राजधानी जयपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद होने का असर सोमवार को आम जनजीवन और कारोबार पर साफ दिखाई दिया। ऑनलाइन भुगतान और इंटरनेट आधारित सेवाओं पर निर्भर लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हुई, जबकि ऑनलाइन बुकिंग पर निर्भर ऑटो चालकों और होम डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े राइडर्स का कामकाज लगभग ठप रहा।

इस बीच प्रशासन ने इंटरनेट बंदी को लेकर संशोधित आदेश जारी करते हुए जयपुर पूर्व और जयपुर उत्तर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा बंद रखने की अवधि  8 जून की रात 12 बजे तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे।

डिवीजनल कमिश्नर वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

ऑनलाइन बुकिंग ठप, ऑटो चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट

ऑटो चालक प्रेम प्रकाश ने बताया कि सुबह से एक भी ऑनलाइन बुकिंग नहीं मिली। इंटरनेट बंद होने से पूरा दिन खाली बैठना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी अधिकांश आमदनी ऑनलाइन बुकिंग पर निर्भर है।

वहीं ऑटो चालक दिलीप ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश ऑटो चालक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। स्टैंड पर ऑफलाइन सवारी कम मिलने के कारण इंटरनेट बंदी का सीधा असर उनकी आय पर पड़ा है। पूरे दिन एक भी ग्राहक नहीं मिलने से कमाई शून्य रही।

दुकानदारों की बिक्री पर पड़ा असर

छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाने वाले अशोक, बाबूलाल और कमल ने बताया कि ग्राहक तो आ रहे हैं, लेकिन अधिकांश लोग ऑनलाइन भुगतान करना चाहते हैं। इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण कई ग्राहक बिना खरीदारी किए लौट रहे हैं, जबकि कुछ लोग उधार में सामान लेकर बाद में भुगतान करने की बात कह रहे हैं।

इधर चाय विक्रेता हनुमान ने बताया कि ग्राहकी में 50 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। अधिकांश ग्राहक डिजिटल भुगतान करते हैं, लेकिन इंटरनेट बंद होने से लेनदेन प्रभावित हो रहा है, जिससे बिक्री पर सीधा असर पड़ा है।

डिलीवरी राइडर्स भी रहे खाली

ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े राइडर हेमराज ने बताया कि इंटरनेट बंद होने से ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। सामान्य दिनों में वह प्रतिदिन एक हजार से पंद्रह सौ रुपए तक कमा लेते हैं, लेकिन सोमवार को एक भी डिलीवरी नहीं मिली।

एक अन्य राइडर महेश ने बताया कि ऑनलाइन ऑर्डर बंद होने से कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। रोजाना की कमाई से ही घर का खर्च चलता है, लेकिन इंटरनेट बंदी के कारण आय प्रभावित हो गई है।

कई दुकानदारों ने नहीं खोली दुकानें

शहर के विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी इंटरनेट बंदी का असर देखने को मिला। सामान्य दिनों में जहां बाजारों, बैंकों और कॉर्पोरेट कार्यालयों के आसपास चहल-पहल रहती है, वहीं सोमवार को कई डेयरी बूथ, चाय की थड़ियां और छोटी दुकानें बंद रहीं। कई दुकानदारों ने इंटरनेट सेवा बाधित रहने के कारण दुकानें नहीं खोलीं।

कानून-व्यवस्था के मद्देनजर बढ़ाई गई इंटरनेट बंदी

गौरतलब है कि जगतपुरा क्षेत्र में सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इनमें कुछ धार्मिक स्थल भी शामिल हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई है। आदेश के अनुसार रामगंज, गलता गेट, मानक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्री नगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बस्सी, कानोता, तुंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, लालकोठी, मोती डूंगरी, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, खो-नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्रों में  2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क एसएमएस, एमएमएस तथा व्हाट्सएप, फेसबुक और एक्स (ट्विटर) सहित सोशल मीडिया सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

You might also like