एसडीएम ने संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । मानसून सत्र के मद्देनजर संभावित जलभराव क्षेत्रों का उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी के साथ व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाल ही में तेज आंधी एवं बारिश से प्रभावित स्थानों का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित विभाग को कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वागत द्वार का पुनर्निर्माण करवाने के निर्देश
एसडीएम ममता लहुआ ने हाल ही में तूफानी बारिश से गिरे सेल्फी पॉइंट स्थित स्वागत द्वार का अवलोकन किया तथा निर्मित स्वागत द्वार निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर इस मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए ईओ हरेंद्र चौधरी एवं निर्माण एजेंसी संवेदक को आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने एवं स्वागत द्वार का स्ट्रक्चर मजबूत करवाने के लिए बीच में एक नया पोल लगाकर तकनिकी अधिकारियों की देखरेख में स्वागत द्वार तैयार करवाने के निर्देश दिए हैं।
खंदेड़ा भूमि में पानी स्टोरेज करवाने की हिदायत
एसडीएम ने बस स्टैंड पर बने बोरवेल का निरीक्षण किया यहां वर्षा जल एकत्रित नहीं हो इसके लिए बोरवेल की मानसून पूर्व सफाई करवाने, डिवाइडर कर पास ब्रेकर बनाकर पानी को डिवाइड करने के निर्देश दिए वहीं बस स्टैंड के पास स्थित खंदेड़ा भूमि का निरीक्षण किया जहां वर्षा जल का स्टोरेज करने व पानी निकासी करवाने के आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने
स्टेडियम क्षेत्र, पुराना रेलवे फाटक, जोरावपुरा तथा नगर पालिका के डंपिंग यार्ड सहित शहर के जलभराव संभावित एवं संवेदनशील स्थलों का भी निरीक्षण किया। एसडीएम ने अधिशाषी अधिकारी चौधरी को संवेदनशील स्थलों की स्वयं नियमित मॉनिटरिंग करने की हिदायत दी।