श्री आदर्श महिला बी.एड. कॉलेज में एसयूपीडब्ल्यू शिविर में विविध गतिविधियों का आयोजन
महेन्द्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । श्री आदर्श महिला बी.एड. कॉलेज श्रीमाधोपुर में आयोजित एसयूपीडब्ल्यू शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को छात्रा ध्यापिकाओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। शिविर के प्रथम सत्र में छात्राध्यापिकाओं द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं काआकर्षक प्रदर्शन किया गया। विभिन्न दलों द्वारा अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल एवं उपयोगी सामग्री का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दी गईं ।प्रतियोगिता में रानी कर्णावती दल ने प्रथम स्थान, राजमाता देवल देवी दल ने द्वितीय स्थान तथा महारानी पद्मिनी दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायकों ने छात्राध्यापिकाओं की सृजनात्मक प्रतिभा एवं नवाचार की सराहना की। द्वितीय सत्र में मनोरंजनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्रा ध्यापिकाओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में एकल गायन, समूह गायन, संगीत, कहानी वाचन, चुटकुले, लघुकथाएँ तथा अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास से सभी का मन मोह लिया। शिविर के दौरान पूरे दिन उत्साह, रचनात्मकता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राध्यापिकाओं को नेतृत्व, सहयोग, सृजनशीलता तथा मंचीय प्रस्तुति के गुणों को विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।