तलवार लहराकर जबरन वसूली करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । नाहरगढ़ थाना पुलिस ने तलवार और कुल्हाड़ी लहराकर दहशत फैलाने तथा जबरन वसूली का प्रयास करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तलवार और एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 7 जून 2026 को गैटोर की छतरियों क्षेत्र में चाय-पानी की दुकान संचालित करने वाले एक व्यक्ति ने नाहरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवादी ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे उसके पड़ोस में रहने वाला नितेश अपने दो साथियों के साथ बाइक पर आया और उसकी कार (आरजे-20-सीए-1302) के आगे तथा साइड के शीशे कुल्हाड़ी और लोहे के पाइप से तोड़ दिए। आरोपियों के हाथों में तलवार, कुल्हाड़ी और लोहे का पाइप था तथा उन्होंने दुकान के बाहर हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपियों ने रुपए नहीं देने पर हत्या करने की धमकी भी दी।
मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं में जांच शुरू की।
जहां पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नितेश टांक (23) निवासी हरिजन बस्ती, न्यू माउंट रोड, ब्रह्मपुरी तथा अभिषेक सारसर (20) निवासी सीताबाड़ी हरिजन बस्ती, झोटवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने हथियारों के बल पर परिवादी को डराकर जबरन वसूली करने की धमकी दी थी तथा उसकी कार के शीशे तोड़े थे। आरोपियों ने तलवार और कुल्हाड़ी लहराकर आसपास के लोगों में भी भय का माहौल पैदा किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक तलवार और एक कुल्हाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नितेश टांक के खिलाफ नाहरगढ़ थाने में पूर्व में भी दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में मारपीट और रास्ता रोकने तथा वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी दशरथ, उपनिरीक्षक गिरधारी लाल, हेड कांस्टेबल हरिसिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार, विजय कुमार, रविंद्र तथा साइबर सेल के कांस्टेबल नन्छूराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष योगदान कांस्टेबल विजय कुमार और रविंद्र का रहा।

You might also like