शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में तेज अंधड़ से उड़े टिन शेड

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । शुक्रवार सायं आई तेज आंधी-तूफान ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र में तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों तक चली तेज हवाओं ने पेड़ों, मकानों और सरकारी भवनों को नुकसान पहुंचाते हुए जनजीवन को प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। आंधी के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए, जबकि कई मकानों की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। मकड़ीनाथ रेलवे स्टेशन पर लगा टीनशेड तेज हवाओं की चपेट में आकर उड़ गया। विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। कई क्षेत्रों में देर रात तक बिजली गुल रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं गांव सेहला और आसपास के अनेकों गांवो में बहुत नुकसान हुआ। गांव की गोशाला में टिन शेड उड़ गया जिसके नीचे दबने से एक बड़े और एक छोटे नंदी महाराज की मृत्यु हो गई और 5 गौमाता घायल हो गई । गोशाला में ही एक चारा संग्रहण कक्ष का द्वार गिर गया। दिलीप सिंह राठौड़ के खेत व घर में बना टिन शेड भी उड़ गया जिससे उसमे रहने वाले बंजारा परिवार का सारा सामान धान सहित सब कुछ खराब हो गया । फूला राम कड़वासरा के खेत में लगी सोलर पैनल, मुस्ताक ख़ान के खेत में लगी सोलर पैनल, हांकम अली के खेत में लगी सोलर पैनल, पन्ना राम नाई के खेत की ढाणी में बना टीन शेड उड़ गया व श्याम लाल नाई के खेत में बना छपरा उड़ गया। इसी क्रम में पवन लोहिया के घर पर लगी सोलर पैनल उड़ गई। आसपास के गावों की बात करे तो ऐसे सैंकड़ो घरों में भारी मात्रा मे नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कई स्थानों पर टीनशेड उड़ गए और बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

You might also like