करंट बालाजी मंदिर के सामने जलभराव, श्रद्धालु परेशान, नाला जाम होने से बढ़ी समस्या
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के कोर्ट चौराहे से मंगलपुरा मार्ग पर स्थित करंट बालाजी मंदिर के सामने बारिश का पानी जमा होने से श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर आने वाले भक्तों को जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासी जयप्रकाश जेपी माली, विकास शर्मा और मनोज स्वामी ने बताया कि दशहरा मेला ग्राउंड की दीवार के पास बना नाला जाम होने के कारण वर्षा का पानी निकासी नहीं हो पा रहा है। नतीजतन मंदिर के मुख्य द्वार के सामने पानी भर गया है और स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग मंगलपुरा क्षेत्र के लिए प्रमुख आवागमन का रास्ता है, ऐसे में जलभराव से आमजन के साथ-साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है। बरसात के दौरान फिसलन और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। निवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जाम नाले की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था तत्काल करवाई जाने एवं नगरपालिका ईओ हरेंद्र चौधरी से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।