गंदगी और कीचड़ से लोग परेशान, बारिश में सड़क बन जाती है तालाब
निसं
बीकानेर (नवयत्न)। शहर के रानीसर बास स्थित हनुमान मंदिर और विद्युत थाने के आसपास फैली गंदगी और कीचड़ से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम की अनदेखी और नालों पर हुए अवैध कब्जों के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हनुमान मंदिर के पास और विद्युत थाने के आसपास लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने और अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के चलते नाले जाम पड़े हैं। कई बार अवैध निर्माण तोड़े गए। पर सख्त नियम नहीं होने के कारण वापस अतिक्रमण कर लेते है अतिक्रमण से सड़क भी संकरी हो गई। सीवरेज और नाले जाम होने से पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल रहा है। बरसात के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं तथा पानी की निकासी नहीं होने से क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बना रहता है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और नगर निगम को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। गंदगी के कारण लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।लोगों का आरोप है कि अवैध कब्जों के कारण नालों का स्वरूप बिगड़ गया है, जिससे थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं। क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द नालों की सफाई कराने, अवैध अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं।