किरण पाल ने संभाला एसडीएम का कार्यभार, क्षेत्र के विकास और जनसुनवाई को देंगी प्राथमिकता

बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । राजस्थान सरकार द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद राजस्थान प्रशासनिक सेवा की तेजतर्रार अधिकारी किरण पाल ने आधिकारिक तौर पर चिड़ावा के नए उपखंड अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। कार्मिक विभाग की सर्विस हिस्ट्री के अनुसार 2024 बैच की अधिकारी किरण पाल इससे पहले उदयपुर के वल्लभनगर में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने पूर्व एसडीएम डॉ. नरेश सोनी का स्थान लिया है, जिन्हें उदयपुर नगर निगम में तैनात किया गया है।
आरएएस परीक्षा 2021 की टॉपर रही हैं किरण पाल-
हनुमानगढ़ की रहने वाली किरण पाल की गिनती राजस्थान के होनहार अधिकारियों में होती है। उन्होंने आरएएस परीक्षा 2021 में पूरे राजस्थान में तीसरी रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इससे पहले वह सहकारिता विभाग में कोऑपरेटिव इंस्पेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। प्रशासनिक स्तर पर उनकी कार्यशैली और पारदर्शिता की हमेशा सराहना होती रही है।
स्वागत और प्राथमिकताएं-
पदभार ग्रहण करने के मौके पर तहसील कार्यालय के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने नई एसडीएम का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, जनसुनवाई को सुदृढ़ बनाना और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पारदर्शी तरीके से लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

You might also like