अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, बैरिकेड पर पुलिस से धक्का-मुक्की, 7 सूत्री ज्ञापन सौंपा
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। अखिल भारतीय किसान सभा ने बुधवार को नवीन कुमार प्रकरण और मनरेगा सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। इस दौरान सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर कलेक्ट्रेट परिसर में घुसने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में जिला कलेक्टर को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।

इन सात सूत्री मांग का दिया ज्ञापन
किसान सभा के जिला महामंत्री सुमेर बुडानिया ने बताया कि ज्ञापन में छात्र नवीन कुमार को कथित रूप से अवैध हिरासत में लेकर मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, मनरेगा योजना को पहले की तरह संचालित करने, अतिक्रमण के नाम पर बुलडोजर कार्रवाई रोकने, एमएस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार एमएसपी कानून लागू करने, वर्ष 2022-23 की रबी फसल खराबे का शेष मुआवजा जारी करने, फसल बीमा का भुगतान क्रॉप कटिंग के आधार पर करने तथा बुगाला गांव में सड़क के बीच लगे निजी सोलर कंपनी के पोल हटाने की मांग की गई।
नवीन कुमार प्रकरण पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान नवीन कुमार प्रकरण प्रमुख मुद्दा रहा। किसान सभा नेताओं ने आरोप लगाया कि 21 जून को पुलिस ने नवीन कुमार को उसके घर से बिना कारण उठाकर पूरे दिन अवैध रूप से हिरासत में रखा, उसके साथ मारपीट की और मोबाइल का डाटा भी देखा। संगठन का कहना है कि इस मामले में पहले भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होने पर जिलेभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।
मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना
माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य फूलचंद बर्बर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना को धीरे-धीरे खत्म करने की कोशिश कर रही है। पहले योजना का नाम बदला गया और फिर बजट में कटौती कर दी गई। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार का सबसे बड़ा सहारा है और इसे कमजोर करने का विरोध जारी रहेगा।
एमएसपी, मुआवजा और बीमा क्लेम की भी उठाई मांग
माकपा के जिला सचिव राजेश बिजारणियां ने एमएस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार एमएसपी कानून लागू करने और रबी 2022-23 के फसल खराबे का लंबित मुआवजा जारी करने की मांग की। किसान सभा के जिला अध्यक्ष रणधीर ओला ने कहा कि फसल बीमा क्लेम क्रॉप कटिंग के आधार पर दिया जाए। कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष खलील बुडाना ने अतिक्रमण के नाम पर घरों और धार्मिक स्थलों पर बुलडोजर कार्रवाई रोकने की मांग उठाई।
ये भी रहे मौजूद
प्रदर्शन में पीड़ित नौजवान नवीन कुमार, किसान सभा जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र कुल्हरी, सुभाष बुगालिया, पार्षद अजमत अली, सुरेंद्र लांबा, विजय यादव, बिलाल कुरैशी, मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के इब्राहिम, कमर इलाही, मोहम्मद अली, नौजवान सभा जिला महासचिव योगेश कटारिया, एसएफआई जिला अध्यक्ष आशीष पचार, साबिर भाटी अमित शेखावत, आकाश धनखड़, शाहिद चैनपुरा, साहिल ख़ान, सुरेश पूनिया, गुलाब भूरिया, गोहर ख़ान, रोहितास महला, पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिलायच, शेर मोहम्मद, जयपाल महला, असलम ख़ान, मंजूर अली, सोयब ख़ान, नरेंद्र सिंह, दीपक रामपुरा कटारिया, आशीष पचार सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।