1200 वर्ष पुराने जैन मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी का पर्दाफाश, तीन अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । तारानगर पुलिस ने कस्बे के ऐतिहासिक शीतल नाथ जैन मंदिर से जैन तीर्थंकरों की अष्टधातु से निर्मित बेशकीमती मूर्तियां चोरी करने वाली अंतर्राज्यीय गैंग का मात्र 72 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली-मथुरा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है एवं वारदात में प्रयुक्त की गयी अर्टिगा कार को भी डिटेन कर लिया गया है।
ऐसे हुई थी वारदात
तारानगर के मनोज कुमार चौरड़िया ने 29 जून को थाने में रिपोर्ट दी कि 28 जून की रात अज्ञात चोरों ने कस्बे के 1200 वर्ष पुराने शीतल नाथ जैन मंदिर से जैन तीर्थंकरों की अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियां चुरा लीं। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच ASI सुमेर सिंह मीणा को सौंपी।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
धार्मिक भावना से जुड़े मामले की गंभीरता को देखते हुए चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एम ने तुरंत खुलासे के निर्देश दिए। एएसपी राजगढ़ रिछपाल सिंह चारण व डीएसपी रोहित सांखला के निर्देशन में थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई व एएसआई सुमेर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
टीम ने दिन-रात मेहनत कर तकनीकी साक्ष्य व मानवीय आसूचना से वारदात में प्रयुक्त यूपी नंबर अर्टिगा गाड़ी को चिन्हित किया। मथुरा आरटीओ से गाड़ी मालिक का पता लगाकर तीनों आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने मथुरा-कोसी उत्तरप्रदेश में दबिश देकर तीनों को दस्तयाब किया। पूछताछ में जुर्म प्रमाणित होने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी इसराइल निवासी मथुरा, विनोद कुमार शर्मा उर्फ लोली पोप निवासी मथुरा व नित्यानंद बासनी निवासी उतर पूर्व दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया
रेकी कर करते थे चोरी
मुख्य आरोपी 76 वर्षीय नित्यानंद बासनी खुद को कैंसर पीड़ित बताकर धार्मिक व्यक्ति का बहाना बनाता था। वह साथी इसराइल के साथ बड़े मंदिरों में पूजा के समय व मंदिर खुलने-बंद होने के समय मौजूद रहकर बेशकीमती मूर्तियों की रेकी करता था। बाद में टीम को सूचना देकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पीसी रिमांड लिया गया है। चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी के लिए गहन अनुसंधान जारी है। वांछित शेष आरोपियों की तलाश के लिए हैड कानि राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम रवाना की गई है।
खुलासा करने वाली टीम
उक्त कार्यवाही में तारानगर थानाधिकारी सीआई सतपाल बिश्नोई, एएसआई सुमेर सिंह मीणा, हैड कानि राजेन्द्र कुमार, कानि राजू नायक, मनोज कुमार, विकाश कुमार पटीर, अमित कुमार आदि की विशेष भूमिका रही।
चोरी का खुलासा करने पर पुलिस टीम का किया सम्मान
चोरी कर वारदात का जल्द खुलासा करने पर तारानगर के जैन समाज के लोगों, व्यापार मंडल व नागरिकों ने पुलिस थाने व जैन मंदिर में एसपी निश्चय प्रसाद एम, एएसपी रिछपाल सिंह, डीएसपी रोहित सांखला, सीआई सतपाल बिश्नोई, एएसआई सुमेर मीणा सहित पुलिस टीम का स्वागत व सम्मान किया।