सीएचसी के प्रभारी डॉ. आर.के. जांगिड़ का सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दांता के प्रभारी डॉ. आर.के. जांगिड़ (स्त्री रोग विशेषज्ञ) के 33 वर्षों के उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के उपरांत सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सीएचसी दांता में आयोजित विदाई समारोह में सहकर्मियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने डॉ. जांगिड़ की चिकित्सा सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। इसके बाद गोविंदम् गार्डन दांता में सम्मान समारोह एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जहां ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों ने माला और साफा पहनाकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर श्री कल्याण विमेन वेलफेयर सोसायटी दांतारामगढ़ की टीम ने भी माला, साफा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर डॉ. जांगिड़ का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजनों ने कहा कि डॉ. आर.के. जांगिड़ ने अपने सेवाकाल में न केवल हजारों मरीजों का समर्पित भाव से उपचार किया, बल्कि अपने सरल, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार से सभी के बीच विशेष पहचान बनाई। इस दौरान उन्हें शॉल, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान भावुक माहौल रहा और उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएं कीं।
अपने उद्बोधन में डॉ. आर.के. जांगिड़ ने सभी सहकर्मियों, अस्पताल स्टाफ, शुभचिंतकों एवं समारोह में उपस्थित गणमान्यजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पूरे सेवाकाल में सभी का सहयोग परिवार जैसा रहा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

You might also like