तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न)। तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोहिया शिक्षण संस्थान में हुए कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम से अवगत करवाना था। मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चिड़ावा नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांजा, अफीम तथा अन्य मादक पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को बर्बाद करते हैं बल्कि परिवार और समाज पर भी दुष्प्रभाव डालते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या दबाव का सामना करना पड़े तो कानून हमेशा उनके साथ खड़ा है।कार्यक्रम में रीडर करणी सिंह शेखावत, नाजिर संदीप मीणा, होमगार्ड दलीप कुमार ने भी नशे के कारणों तथा उनके रोकथाम के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक रामसिंह नेहरा, अभय सिंह बडेसरा, सचिव प्रदीप नेहरा, चेयरपर्सन ममता नेहरा, प्रमिला झाझडिय़ा, पूरणमल गजराज सहित विद्यालय के विद्यार्थी एवम् स्टाफ उपस्थित रहे। निदेशक जगपाल यादव ने शब्दों से अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल प्रमोदिनी दुबे ने आभार व्यक्त किया तथा शिक्षक दीपक शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को नशा न करने तथा अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ शपथ ग्रहण कर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

You might also like