अजीत सागर बांध के कुएं में मिला युवक का शव
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के डाडा फतेहपुरा स्थित अजीत सागर बांध में बने कुएं में गुरुवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मेहाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान डाडा निवासी महेंद्र पुत्र सुगनाराम के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि महेंद्र एक राजोता की निजी कॉलेज में बच्चों को पढ़ाने का कार्य करता था। वह गुरुवार सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकला था लेकिन वह कालेज में नहीं पंहुचा। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे अजीत सागर बांध पर घूमने पहुंचे कुछ युवकों की नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत मेहाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।
मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का है, जिसके एक बेटा 12वी में तथा छोटा बेटा 7 वीं कक्षा में पढाई करता है। मृतक का पिता सुगनाराम बिजली विभाग में कार्यरत था, जिसकी काफी समय पहले मौत हो चुकी। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की विभिन्न पहलुओं से घटना की पड़ताल की जा रही है।
इस संबंध में मृतक के भाई श्रीनिवास ने रिपोर्ट देकर हत्या की आशंका जताते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। एएसआई भोमाराम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल और बांध स्थल पर ग्रामीणों एवं परिजनों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।