साइड को लेकर दो पक्षों में विवाद, दो गंभीर घायल

निसं
सिंघाना (नवयत्न) । सिंघाना थाना क्षेत्र के बुहाना मोड़ पर देर रात को गाड़ी को साइड देने की बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मारपीट में हरियाणा के खैरोली निवासी जीतराम (27) तथा सिंघाना थाना क्षेत्र के पालोता गांव निवासी देवेंद्र(25) घायल हुए हैं। दोनों को पहले सिंघाना के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए झुंझुनूं रेफर कर दिया।
घटना के दौरान हरियाणा नंबर की एक ब्रेजा कार में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। मारपीट और तोड़फोड़ के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया तथा क्षतिग्रस्त ब्रेजा कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच वाहन को साइड देने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में लाठी-डंडों व अन्य वस्तुओं के इस्तेमाल की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है तथा दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है, रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You might also like