दीपोत्सव के साथ शुरू हुआ भाजपा का सामाजिक समरसता अभियान
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती समारोह की श्रृंखला का शुभारम्भ शहर मंडल द्वारा किया गया। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर आगामी वर्ष फरवरी माह में गुरु रविदास जयंती तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। इस क्रम में भाजपा शहर मंडल की ओर से वार्ड संख्या 45 स्थित गुरु रविदास मंदिर में दीपोत्सव आयोजित कर सामाजिक समरसता अभियान का आगाज किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि ने दीप प्रज्वलित कर एवं गुरु रविदास मंदिर में धोक लगाकर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक महर्षि ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवनभर समानता, सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश दिया। उनके बताए आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।भाजपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश गाडगीळ ने संत गुरु रविदास के जीवन प्रसंगों का उल्लेख किया। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेश सैनी ने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम को रेगर विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश फौजी, रामचन्द्र बाकोलिया, अर्जुन सिंह फ्रांसा तथा शिवकुमार गाडगीळ ने भी संबोधित करते हुए संत गुरु रविदास के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल महामंत्री दीपक मुरारका ने किया।