झुंझुनू में 2 अगस्त को लगेगा नि:शुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर, शुरुआती पहचान से 90 प्रतिशत तक सफल इलाज संभव
अशोक राईका
झुंझुनू (नवयत्न) । कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शुरुआती चरण में बीमारी की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी अस्पताल, जयपुर और नर सेवा नारायण सेवा संस्थान, झुंझुनूं के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 2 अगस्त को मोदी रोड स्थित बाबा गंगाराम अतिथि भवन में निशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से विभिन्न प्रकार के कैंसर की जांच निशुल्क की जाएगी। महात्मा गांधी अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर सर्जन प्रो. डॉ. नितिन खुंटेटा ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका समय रहते इसकी पहचान और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर साल दुनिया में करीब 2 करोड़ नए कैंसर मरीज सामने आते हैं, जबकि लगभग 97 लाख लोगों की मौत इस बीमारी से होती है। भारत में हर साल करीब 15 लाख नए मरीज सामने आते हैं और अधिकांश मामलों में बीमारी का पता देर से चलने के कारण उपचार जटिल हो जाता है। देश में हर साल करीब 9.5 लाख लोगों की मौत कैंसर के कारण होती है।
उन्होंने कहा कि यदि कैंसर की पहचान शुरुवात अवस्था में हो जाए तो कई प्रकार के कैंसर का 90 प्रतिशत तक सफल उपचार संभव है। इसके बावजूद अधिकांश मरीज गंभीर अवस्था में ही अस्पताल पहुंचते हैं। उन्होंने तंबाकू और धूम्रपान से दूरी, शराब के सेवन से परहेज, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ वजन बनाए रखने, एचपीवी व हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण तथा समय-समय पर कैंसर स्क्रीनिंग कराने की सलाह दी। डॉ. खुटेता ने बताया कि महात्मा गांधी अस्पताल में कैंसर की जांच, सर्जरी, कीमोथेरेपी, कंप्यूटराइज्ड रेडियोथेरेपी और रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं साइबर नाइफ तकनीक के जरिए शरीर के अंदर स्थित छोटी कैंसर गांठों का बिना चीरफाड़ रेडिएशन से उपचार भी किया जा रहा है। शिविर संयोजक संजीव मोदी ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने के लिए जिलेभर में सोशल मीडिया, डिजिटल पोस्टर, व्हाट्सएप अभियान और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
शिविर में ये जांचें होगी नि:शुल्क
महात्मा गांधी अस्पताल के निदेशक (मार्केटिंग एवं जनसंपर्क) वीरेन्द्र पारीक ने बताया कि राजस्थान सरकार के सहयोग से तैयार की गई “कैंसर सुरक्षा संजीवनी” मोबाइल यूनिट भी शिविर में पहुंचेगी। इसमें गर्भाशय कैंसर की जांच के लिए पैप स्मीयर, स्तन कैंसर के लिए मैमोग्राफी, फेफड़ों के कैंसर की पहचान के लिए चेस्ट एक्स-रे तथा मुंह और गले के कैंसर की स्क्रीनिंग की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। शिविर में ये सभी जांचें पूरी तरह निशुल्क की जाएंगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी महात्मा गांधी अस्पताल के सहयोग से झुंझुनूं जिले में नियमित कैंसर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परामर्श और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते जांच कराकर गंभीर बीमारी से बच सकें।