40 वर्षों की सेवा के बाद मौलाना को भावभीनी विदाई
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । मदीना मस्जिद जावा बास एवं मदरसा मदीनातुल उलूम में करीब 40 वर्षों तक अपनी धार्मिक एवं शैक्षणिक सेवाएं देने वाले मौलाना अब्दुल शकूर को सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर मदरसा मदीनातुल उलूम, जावा बास में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
भोपाल खान ने जानकारी देते हुए बताया कि मौलाना अब्दुल शकूर ने लगभग चार दशकों तक मदीना मस्जिद जावा बास में इमामत एवं मदरसा मदीनातुल उलूम में बच्चों की दीनी तालीम के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने धार्मिक शिक्षा प्राप्त की और समाज को उनका अमूल्य योगदान मिला।
शुक्रवार की नमाज के बाद मदीना मस्जिद जावा बास में समाज के लोगों ने मौलाना अब्दुल शकूर का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान मौजूद लोगों ने उनके समर्पण, सादगी और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, मस्जिद कमेटी के पदाधिकारी, मदरसा प्रबंधन, छात्र एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।