रक्त की कमी से जूझ रहा बीडीके ब्लड बैंक, आमजन से सहयोग की अपील

संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले के बीडीके अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में इन दिनों रक्त की कमी बनी हुई है, जिसके चलते अस्पताल प्रशासन ने आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने की अपील की है। इसी क्रम में सोमवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बीडीके अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जिलेभर से गंभीर एनीमिया से पीडि़त हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की तीन प्रसूताओं को हाल ही में बीडीके अस्पताल में रक्त चढ़ाया गया, जिनकी स्थिति अब स्थिर है। अस्पताल में प्रतिदिन एचआरपी महिलाओं को रक्त आधान कर उन्हें गंभीर अवस्था से सामान्य स्थिति में लाने का प्रयास किया जा रहा है। पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि बढ़ते एचआरपी मामलों को देखते हुए ब्लड बैंक में उपलब्ध स्टॉक और प्रतिदिन हो रहे स्वैच्छिक रक्तदान के आधार पर प्रसूताओं एवं ट्रॉमा मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रति सप्ताह एक से दो गंभीर एनीमिया ग्रसित महिलाओं को रक्त आधान की आवश्यकता पड़ती है।

ब्लड बैंक प्रभारी एवं उपनिदेशक डॉ. राकेश कुमार के अनुसार 2 अगस्त को ब्लड बैंक में रक्त समूहों की स्थिति इस प्रकार रही ए+ 5 यूनिट, ए-09 यूनिट, बी+53 यूनिट, बी-14 यूनिट, ओ+ 63 यूनिट, ओ- 06 यूनिट, एबी+10 यूनिट, एबी-05 यूनिट। उन्होंने बताया कि ओ+, बी+ एवं बी- रक्त पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जबकि ए+, एबी+, एबी- और ओ- समूह का स्टॉक केवल आपातकालीन स्थिति के लिए ही शेष है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से स्टॉक में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है, इसलिए नियमित रक्तदान शिविरों का आयोजन आवश्यक हो गया है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में सरकारी ब्लड बैंक की टीम की उपस्थिति अनिवार्य की गई है तथा प्रत्येक शिविर में एकत्रित कुल रक्त का कम से कम 50 प्रतिशत भाग सरकारी ब्लड बैंक को उपलब्ध कराना आवश्यक होगा। अस्पताल प्रशासन ने सभी सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करें और इस मानवीय कार्य में सहभागी बनें।

You might also like