सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध में जागरूकता रैली निकाली
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीमाधोपुर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान एवं गणित सर्किल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को रोकने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. मधु चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक तख्तियां लेकर “सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करो”, “कपड़े और जूट के थैले अपनाओ”, “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ”, “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत” जैसे प्रेरक नारे लगाते हुए नगरवासियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा उसके पर्यावरण-अनुकूल वैकल्पिक साधनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया।प्रधानाचार्य डॉ. मधु चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग कर कपड़े, जूट एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने घर एवं समाज में भी प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विज्ञान सर्किल प्रभारी पूनम देवी एवं गणित सर्किल प्रभारी पुष्पा कुमारी एवं पीएम श्री प्रभारी ओमप्रकाश गुर्जर के नेतृत्व में रैली का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ सदस्य धनाराम जाट, महेंद्र सिंह शेखावत, ललित कुमार सैनी, संगीता निठारवाल, विजेंद्र गजराज और श्वेता शर्मा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।