हॉस्पिटल परिसर में लगाए औषधीय पौधे, हरियालो राजस्थान का दिया संदेश
सुमेर मीणा
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत आयुर्वेदिक पंचकर्म हॉस्पिटल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। इस दौरान विभिन्न औषधीय और उपयोगी पौधे लगाए गए। आयुर्वेद के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमावत मौजूद रहे। डॉ. कुमावत ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ स्वस्थ जीवन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयुर्वेद में कई पेड़-पौधों और औषधीय पौधों का उपयोग स्वास्थ्य के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार सैनी, देवकल्प आयुर्वेद पंचकर्म सेंटर सीकर के डॉ. दिनेश पारमुवाल, प्रो. जगदीश मालवीय, डॉ. प्रियंका वर्मा, प्रीति वर्मा, राधेश्याम सैनी, कृष्ण कुमार, विकास कुमार स्वामी, सुशीला सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे जन-अभियान बनाना जरूरी है। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ आयुर्वेद और स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया गया।