खटीक समाज क्रिकेट प्रतियोगिता में बना विजेता
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर के युवा भारतीय स्टेडियम में खटीक समाज की ओर से एक दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से कुल 6 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला लक्ष्मणगढ़ और राजलदेसर की टीम के बीच खेला गया। राजलदेसर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 38 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मणगढ़ की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 3.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ लक्ष्मणगढ़ की टीम ने खटीक समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजलदेसर की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अंकित को दिया गया। वहीं मैन ऑफ द सीरीज का खिताब लक्ष्मणगढ़ के प्रशांत लाला ने हासिल किया। बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार नागौर के पारस, बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार नागौर के अमित कुमार तथा बेस्ट फील्डर का पुरस्कार नागौर के हुक्मीराम को दिया गया। आयोजन समिति की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज के युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खटीक समाज के युवा एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में नंदलाल खटीक, रामलाल खटीक, रामकुमार, तुलसाराम खटीक, हंसराज खटीक, राकेश, नागरमल, प्रकाश, छोटूलाल खटीक सहित खटीक समाज के अनेक युवा एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।