विशाल काफिले के साथ निकली देव दर्शन यात्रा, गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं से किया संवाद
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । आगामी पंचायत राज एवं नगर पालिका चुनावों से पहले भाजपा नेता करणी सिंह के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में ‘देव दर्शन आशीर्वाद यात्रा’ निकाली गई। ‘संकल्प सेवा का, आशीर्वाद देवों का’ थीम पर निकली यात्रा में करीब 300 वाहनों के काफिले के साथ भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना कर देव आशीर्वाद लिया गया तथा गांवों में कार्यकर्ताओ से संपर्क किया गया। यात्रा की शुरुआत लाडनूं के मगरा बास बास स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर से हुई। इसके बाद दुजार के भैरूजी, कोयल के सत्यनारायण, रताऊ के भैरूजी, बल्दू के तेजाजी महाराज और श्यामपुर, उदरासर की भानीनाथजी की बगीची, तंवरा के बगीची बालाजी, कसूम्बी के हनुमान और जसवंतगढ़ के लक्ष्मीनारायण मंदिर में दर्शन किए गए। शाम को लाडनूं के करंट बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन हुआ। जगह-जगह ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। करणी सिंह ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर संगठन मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करने का आह्वान किया।