कादरिया वाली ढाणी का मुख्य रास्ता जलमग्न, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के ग्राम पंचायत नानूवाली बावड़ी की कादरिया वाली ढाणी में बारिश के बाद मुख्य रास्ते पर पानी जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण रास्ते पर ही जमा हो जाता है। कई बार पानी घुटनों तक भर जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है। वहीं मजदूरों को भी काम पर जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। रास्ते में लंबे समय तक पानी जमा रहने से गंदगी और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे ग्रामीणों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या कोई नई नहीं है। हर बार बारिश के मौसम में मुख्य रास्ते पर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं होने से बारिश समाप्त होने के बाद भी कई दिनों तक रास्ते में गंदा पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय सैनी ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन, ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी से समस्या का संज्ञान लेकर जल्द स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय पानी की निकासी के लिए नाली अथवा अन्य स्थायी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। इस दौरान ग्रामीण घीसाराम सैनी, रोहतास सैनी, नाथूराम सैनी, बलराम सैनी और अनिल सैनी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।

You might also like