प्रशासनिक फेरबदल : सूरजगढ़, उदयपुरवाटी, मलसीसर और नवलगढ़ के एसडीएम बदले
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले में मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। जिले के चार उपखंड अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके साथ ही सहायक कलेक्टर स्तर पर भी बदलाव किया गया है। तबादलों के बाद सूरजगढ़, उदयपुरवाटी, मलसीसर और नवलगढ़ में नए उपखंड अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। तबादला सूची के अनुसार सूरजगढ़ के उपखंड अधिकारी जयसिंह का तबादला कर उन्हें डीडवाना लगाया गया है। उनकी जगह संदीप चौधरी को सूरजगढ़ का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है। संदीप चौधरी इससे पहले सहायक निदेशक, लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, नागौर के पद पर कार्यरत थे। उदयपुरवाटी की उपखंड अधिकारी सुमन सोनल का तबादला कर उन्हें उपखंड अधिकारी, नीम का थाना (सीकर) लगाया गया है।
उनके स्थान पर तानिया रिणवां को नियुक्त किया गया है। तानिया रिणवां इससे पहले सहायक कलेक्टर, खण्डेला (सीकर) कार्यरत थीं। मलसीसर की उपखंड अधिकारी सुमन देवी का तबादला कर उन्हें रामपुरा डाबड़ी (जयपुर) लगाया गया है। वहीं मोनिका जाखड़ को मलसीसर का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है। मोनिका जाखड़ इससे पहले जिला रसद अधिकारी, अजमेर के पद पर कार्यरत थीं।
नवलगढ़ के उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ का तबादला कर उन्हें चोमू (जयपुर) लगाया गया है। उनकी जगह प्रांजल कंवर को नवलगढ़ का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रांजल कंवर इससे पहले सहायक कलेक्टर जमवारामगढ़ (जयपुर) के पद पर कार्यरत थीं। प्रशासनिक अधिकारियों के इन तबादलों के बाद जिले के चार प्रमुख उपखंडों में नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे संबंधित प्रशासनिक कामकाज में भी बदलाव देखने को मिलेगा। इसके अलावा प्रशासनिक फेरबदल के तहत सुप्रिया, सहायक कलेक्टर झुंझुनूं का तबादला कर उन्हें सहायक कलेक्टर, जमवारामगढ़ (जयपुर) लगाया गया है। वहीं राजेश जाखड़, सहायक कलक्टर उदयपुरवाटी का तबादला कर उन्हें उपायुक्त, परिवहन विभाग, जयपुर प्रथम लगाया गया है।
13 महीने में चार एसडीएम बदले, नवलगढ़ को मिलेगा पांचवा चेहरा

नवलगढ़ उपखंड में एसडीएम के लगातार तबादलों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को जारी आरएएस तबादला सूची में जमवारामगढ़ (जयपुर) की सहायक कलेक्टर प्रांजल कंवर को नवलगढ़ एसडीएम लगाया गया है। अजीत सिंह राठौड़ के तबादले के बाद अब प्रांजल कंवर नवलगढ़ की नई एसडीएम होंगी। शेखावाटी क्षेत्र में यह उनकी पहली पोस्टिंग है। नवलगढ़ में 23 जुलाई 2025 के बाद करीब 13 महीने में चार एसडीएम बदल चुके हैं। जयसिंह द्वितीय के बाद सुनील कुमार झिंगोनिया, कुलदीप सिंह शेखावत और अजीत सिंह राठौड़ ने एसडीएम की जिम्मेदारी संभाली। अब प्रांजल कंवर पांचवीं अधिकारी होंगी। जयसिंह द्वितीय सबसे ज्यादा 504 दिन नवलगढ़ एसडीएम रहे। इसके बाद झिंगोनिया करीब 54 दिन, कुलदीप सिंह शेखावत करीब 280 दिन और अजीत सिंह राठौड़ करीब 50 दिन ही पद पर रहे। लगातार हो रहे तबादलों के बीच अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रांजल कंवर का कार्यकाल कितना लंबा रहता है और क्या नवलगढ़ को प्रशासनिक स्थिरता मिल पाएगी।