आदेश रद्द नहीं हुआ तो आज से क्रमिक अनशन पर बैठेंगे वकील

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिला मुख्यालय पर अधिवक्ताओं के कार्यस्थगन के बीच जिला अभिभाषक संस्था झुंझुनूं की संघर्ष समिति ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने राज्य सरकार की ओर से 31 जुलाई 2026 को जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि आदेश के विरोध में अधिवक्ता 3 अगस्त से स्वैच्छिक कार्यस्थगन कर रहे हैं। संघर्ष समिति की ओर से जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन देने के साथ अधिकारियों से वार्ता भी की गई। जिला कलेक्टर की ओर से मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजे जाने के बावजूद उदयपुरवाटी में गुढ़ागौडज़ी तहसील के राजस्व मुकदमों से संबंधित पूर्व आदेश अभी तक निरस्त नहीं किया गया है। जिला अभिभाषक संस्था की संघर्ष समिति की हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि शुक्रवार से प्रतिदिन पांच अधिवक्ता क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। समिति ने कहा कि जरूरत पडऩे पर आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए आमरण अनशन भी शुरू किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने सरकार से मांग की कि विवादित आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर अधिवक्ताओं की मांगों का समाधान किया जाए। इस दौरान अधिवक्ता सतीश कुलहरि, रतनलाल मोरवाल, विजय पाल अहिरवार, विकास कुमार महमिया, संदीप महला, कमलेश झाझडिय़ा, बिरजू सिंह शेखावत, विजयपाल, सुभाष पूनिया सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

You might also like