बरडिया बने नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। कस्बे के समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता खेमचंद बरडिया को राजलदेसर नगर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं में खुशी की लहर है। नवनियुक्त नगर कांग्रेस अध्यक्ष खेमचंद बरडिया का पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक के निवास स्थान पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर, साफा व शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नई जिम्मेदारी मिलने पर बरडिया को बधाई देते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नवनियुक्त बरडिया ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना उनका प्राथमिक उद्देश्य रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस का फिर से बोर्ड बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। बरडिया ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज मेघवाल एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं बल्कि सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक मेहनत और एकजुटता से संभव है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से सहयोग लेकर पार्टी को नई मजबूती देने की बात कही। इस दौरान हरि प्रसाद पारीक, पूनमचंद गर्ग, पवन पांडे, लाभचंद सोनी, निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश घिंटाला, भवानी कच्छावा, रणजीत कच्छावा, गौरीशंकर मारू, एडवोकेट गोविंद कठोड़, ओंकारमल आचार्य, बाबूलाल माली, विमल छंलाणी, ताराचंद वाल्मीकि, प्रदीप पांडिया, मिर्जा राम बारूपाल, विमल कुंडलिया, भजनलाल पारीक सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि खेमचंद बरडिया की नियुक्ति से नगर में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी नगर पालिका चुनाव में कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी को मजबूत करने में यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण साबित होगी।