वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफा चोरी की सात दुपहिया वाहन सहित चार आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से जयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई सात दुपहिया मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी शौक-मौज के लिए वाहन चोरी की वारदातें करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि शिवदासपुरा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के शातिर बदमाश नरेन्द्र बैरवा 19, लोकेश वर्मा 18, स्वराज रैगर 19 और हेमराज बैरवा 22 को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर शहर में दुपहिया वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों से पांच मोटरसाइकिल तथा दो मोटरसाइकिलों के चेचिस व अन्य पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस अब चोरी की बाइक और उनके पार्ट्स बेचने के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में कई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक शामिल हैं। इसके अलावा हीरो पैशन प्रो और टीवीएस अपाचे भी बरामद हुई हैं। बरामद वाहनों में कुछ बिना नंबर की हैं। तथा कुछ के नंबर और चेचिस संबंधी विवरण पुलिस ने दर्ज किए हैं। वाहनों में शिवदासपुरा, बजाजनगर और सांगानेर सदर थाना क्षेत्रों से संबंधित वाहन भी शामिल हैं। पुलिस ने एक वाहन से अलग किए गए पार्ट्स भी बरामद किए हैं, जिनमें चेचिस टंकी, पैनल, टूल बॉक्स, वायर, फेयरिंग, बैक मडगार्ड, इंजन चैंबर और मीटर सहित अन्य सामान शामिल है।

You might also like