विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर रूपा गुप्ता एवं सचिव के निर्देशानुसार एवं रविकांत जिंदल, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति (एडीजे) श्रीमाधोपुर के निर्देशन में माह के तृतीय मंगलवार को ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें न्यायिक अधिकारी राकेश चौधरी, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीमाधोपुर द्वारा न्यायक्षेत्र स्थित ए-वन एज्यूकेशन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्रीमाधोपुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अवसर पर राकेश चौधरी द्वारा ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे के कार्यक्रम में विद्यालयों में उपस्थित छात्रों को शोषण के खिलाफ आवाज उठाओ, स्वयं अपने रक्षक बने, अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श, फर्क समझो, सुरक्षित रहो ! थीम पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को शारीरिक दुर्व्यवहार और यौन दुर्व्यवहार, मानसिक, भावनात्मक दुर्व्यवहार, यौन अपराधों से बच्चो का संरक्षण अधिनियम किशोर न्याय बालको की देखरेख और संरक्षण अधिनियम, तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 से बच्चों को हर प्रकार के दुर्व्यवहार से मजबूत कानूनी सुरक्षा, दुर्व्यवहार का सामना कर रहे बच्चों को पूरी तरह नि:शुल्क कानूनी सहायता, सुरक्षित आश्रय, परामर्श एवं चिकित्सा सहायता आदि के बारे में जानकारी दी। इसके अतिरिक्त शारीरिक दुर्व्यवहार बच्चों और परिवार पर पड़ने वाले प्रभावों, इससे बचाव, शारीरिक दुर्व्यवहार पर दंड एवं सजा का प्रावधान, मानसिक एवं भावनात्मक दुर्व्यवहार के परिणाम व इनसे बचाव व शिक्षित सभ्य समाज के निर्माण में अपना योगदान आदि के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी राकेश चौधरी, अधिवक्ता रामकिशन सैनी एवं अधिकार मित्रगण, पीएलवी सुभाष कुमार मीणा, राकेश कुमार सैनी, नेहा शर्मा, द्वारा भी शोषण के खिलाफ आवाज उठाओ स्वयं अपने रक्षक बने, अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श, फर्क समझो, सुरक्षित रहो, थीम पर स्थानीय विद्यालयों में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में अध्यापकगण, कर्मचारीगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You might also like