लाखों की लागत से बने पांच कक्षा कक्षों व बरामदे का हुआ लोकार्पण

निसं
बीदासर (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत ढढेरू भामूंवान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को नवनिर्मित पांच कक्षा-कक्षों एवं बरामदे का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय में इन निर्माण कार्यों के लिए भामाशाह घासीराम भामूं, उदाराम डूडी एवं मनोज खेरिया ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जबकि विधायक कोटे से भी निर्माण कार्य में सहयोग मिला। नवनिर्मित कक्षा-कक्षों एवं बरामदे का लोकार्पण पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां, रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा एवं सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इससे पूर्व विद्यालय परिसर में भामाशाह सम्मान एवं विशाल लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भामाशाहों का सम्मान कर विद्यालय के विकास में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
सरकार पर साधा निशाना
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां, रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा एवं सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने सरकार को किसान, गरीब एवं मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश में वर्तमान में पर्ची सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय जनता का है और आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों में जनता अपने मत की ताकत से सरकार को सबक सिखाएगी। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की चुनाव कराने की मंशा नहीं थी लेकिन हाईकोर्ट की दखल के बाद सरकार को चुनाव करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बावजूद लॉटरी प्रक्रिया को एक माह के लिए स्थगित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं के केवल नाम बदल रही है जबकि धरातल पर विकास कार्यों की स्थिति शून्य है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
समारोह के दौरान विद्यालय में कक्षा-कक्ष एवं बरामदे के निर्माण से विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने भामाशाहों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि नए कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बीरबल सिंह, निवर्तमान सरपंच सुरेश खेरिया, पूर्व कांग्रेस देहात अध्यक्ष विधाधर बेनीवाल, पूर्व प्रधान गिरधारीलाल बांगड़वा, लुहारा के निवर्तमान सरपंच नरेंद्र बेनीवाल, विक्रम राणा, नत्थू सिंह, मुन्नीराम पूनियां, मोहन मेघवाल, भानीराम मेघवाल, नरसाराम जाखड़, नरपत गोदारा, भागीरथ गुरु, कटारसिंह जाखड़, हंसराज छापोला, दीपाराम सारण, किशनाराम कस्वां, भंवरलाल जाखड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

You might also like