सरहद पर तैनात सैनिकों के नाम लिखे खत, बालिकाओं ने बनाई हस्तनिर्मित राखियां

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ की गुड शेफर्ड पब्लिक स्कूल में भारतीय डाक विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘राखी से रक्षा’ अभियान के तहत सैनिकों के सम्मान में पत्र लेखन एवं हस्तनिर्मित राखी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देश की सरहदों पर तैनात सैनिकों के नाम पत्र लिखे और आकर्षक राखियां तैयार कीं। अभियान के तहत बालिकाओं ने 100 से अधिक हस्तनिर्मित राखियां तैयार करके सैनिकों के लिए पोस्ट की। हेड पोस्टमास्टर ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल लक्ष्य प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में कलात्मकता, रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना को विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य से हस्तनिर्मित राखी एवं सैनिकों के नाम पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग इस अभियान के माध्यम से बच्चों की भावनाओं को देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभा रहा है संस्था प्रधान लता गोस्वामी ने कहा कि सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाले इस तरह के देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया। इस अवसर पर जयललिता वर्मा, डाक सहायक सौरव रक्षक, मंजू गहलोत, योगेश सोनी, भरत शर्मा, रतनी चौधरी, वैशाली सोनी, हेमलता भाटी, भावना जांगिड़, ममता शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

You might also like