प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक चिंतन शिविर को लेकर पीले चावल वितरित
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। हम कामगार समाज शाखा राजलदेसर की ओर से 23 अगस्त को माली-सैनी समाज संस्थान भवन में तहसील स्तरीय सामाजिक चिंतन शिविर एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह को लेकर समाज के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं तथा पालिका क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न वार्डों में घर-घर पहुंचकर पीले चावल बांटकर समाजबंधुओं को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। वहीं प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं युवाओं की अंक तालिकाएं भी एकत्रित की जा रही हैं, ताकि समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा सके। समारोह का उद्देश्य समाज में शैक्षणिक जागरूकता, सामाजिक एकता, सकारात्मक चिंतन और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है। आयोजन को लेकर समाजबंधुओं में उत्साह का माहौल है और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। हम कामगार समाज रतनगढ़ अध्यक्ष हरिप्रसाद हर्षवाल, राजलदेसर अध्यक्ष जयचंद महावर एवं सचिव लालचंद कुचेरिया मास्टर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें जनसंपर्क अभियान में सक्रिय हैं। टीम में श्रवण कुमार सोढ़ा, दोलतराम दायमा, जगदीश प्रसाद माणधणिया, बाबूलाल माली, लालदास स्वामी, भंवर लाल अड़ावलिया, पूर्णमल सांगवाल, हेमराज माली, पवन तंवर सहित अनेक समाजबंधु एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। आयोजन में सामाजिक विषयों पर चिंतन, समाज के विकास को लेकर विचार-विमर्श तथा प्रतिभाओं का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहेगा।