निकाय चुनावों को लेकर जिला कलेक्टर व एसपी ने ली बैठक

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। जिला निवार्चन अधिकारी अभिषेक सुराणा व पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने नगर निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को रतनगढ़ पुलिस थाने में बैठक ली तथा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता की पालना, निगरानी व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। इससे पहले राजकीय लोहिया गर्ल्स कॉलेज स्थित स्ट्राँग रूम व मतगणना स्थल का निरीक्षण भी किया तथा निकाय चुनाव को लेकर प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न करवाने के लिए सभी निर्वाचन कार्यों का प्रभावी प्रबंधन किया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखने, मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी दायित्वों का गंभीरता एवं सजगता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता एवं पूर्ण सतर्कता के साथ निर्वहन करें। चुनाव व्यवस्था से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मुस्तैद रहें और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के मध्यनजर क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन रहे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी समुचित समन्वय रखें और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल पर निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। ईवीएम की सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के साथ ही प्रवेश-निकास व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखा जाए। इस दौरान एसडीएम मिथिलेश ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों, अब तक की गई व्यवस्थाओं तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस दौरान डीवाईएसपी इनसार अली, राजलदेसर तहसीलदार प्यारेलाल, नायब तहसीलदार राजेंद्र, ईओ भवानी व्यास, थानाधिकारी संदीप विश्नोई सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े कई अधिकारी उपस्थित थे।

You might also like