आज पौधा लगाएंगे, कल हरियाली पाएंगे, वन महोत्सव में एक हजार पौधे लगाए
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, समसपुर में जिला स्तरीय वन महोत्सव हुआ। वन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में एक हजार छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़ ऑक्सीजन देने के साथ जैव विविधता और जल संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण करना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप वन संरक्षक काविया वी ने की। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने वन विभाग की योजनाओं और जनभागीदारी से चलाए जा रहे पर्यावरण अभियानों की जानकारी दी।

अधिकारियों और विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एसपी कावेंद्र सिंह सागर रहे। जिला परिषद के सीईओ परशुराम धानका, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार नारनौलिया, एसडीएम रामकरण सिंह, नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार, सीएमएचओ छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बेहतर काम करने वाले कार्मिक और पर्यावरण प्रेमी सम्मानित
अवैध खनन और गैर-वानिकी गतिविधियों की रोकथाम में बेहतर कार्य के लिए वनपाल शाहबुद्दीन खान और विजेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए वाहन चालक अमरचंद और महिपाल सिंह को प्रशस्ति दी गई। पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता में योगदान के लिए पत्रकार एवं पर्यावरण प्रेमी गोपाल कृष्ण शर्मा, राजेंद्र सैन, राजेश अग्रवाल और संजय शर्मा को सम्मानित किया गया। हरियालो राजस्थान अभियान में उल्लेखनीय कार्य के लिए उद्यानिकी विभाग के उप निदेशक डॉ. विजयपाल कस्वां और सीओ स्काउट महेश कलावत को भी सम्मानित किया गया।