भादवा अमावस्या के चलते बदला निकाय चुनाव का शेड्यूल
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। भादवा अमावस्या पर जिले के प्रमुख मंदिरों में होने वाली वार्षिक पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए झुंझुनूं जिले की 19 नगरीय निकायों में मतदान के चरणों में बदलाव किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब पहले चरण में 9 सितंबर को 9 निकायों और दूसरे चरण में 11 सितंबर को 10 निकायों में मतदान होगा। 10 और 11 सितंबर को जिले के विभिन्न मंदिरों में भादवा अमावस्या की वार्षिक पूजा होती है। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु झुंझुनूं पहुंचते हैं। मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता भी तैनात किया जाता है। वहीं मंदिरों के आसपास स्थित भवनों में कई मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। ऐसे में चुनाव व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने मतदान चरण बदलने का प्रस्ताव आयोग को भेजा था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश वर्मा के जारी आदेश के अनुसार पहले चरण में 9 सितंबर को नगर परिषद झुंझुनूं के साथ नगर पालिका बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी में मतदान होगा। वहीं दूसरे चरण में 11 सितंबर को नगर पालिका पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ और मलसीसर में मतदान कराया जाएगा। इस बदलाव के बाद जिले की सभी 19 नगरीय निकायों में मतदान दो चरणों में ही होगा। जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।